राजनांदगांव के मोहड़ गांव (वार्ड नंबर 49) में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर हिंसक घटना सामने आई है। रेत खनन रोकने गए ग्रामीणों के साथ विवाद के बाद रेत माफिया के गुर्गो ने कट्टे से चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली एक युवक के सिर को छूते हुए निकल गई। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, चार दिनों से अवैध रेत खनन चल रहा था। जिसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई है। इसी बीच बुधवार की रात रेत चोरों को पकड़ने जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ युवकों ने कट्टे से चार से पांच राउंड फायरिंग की। इसमें गांव के युवक रोशन मंडावी के सिर को गोली छूते हुए निकल गई। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को गांव में घुसने नहीं दिया। महिलाओं को सामने कर रास्ता रोक दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत चोरी को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है। रात के अंधेरे में करते हैं रेत की चोरी ग्रामीणों ने बताया कि रात के अंधेरे में कुछ लोग लगातार रेत चुरा रहे थे। इसके पीछे एक स्थानीय पार्षद और खनिज विभाग का हाथ बताया जा रहा है। पुलिस पर भी आंखें बंद करने का आरोप लगा है। एडिशनल एसपी बोले- मामले की जांच की जा रही मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि घायल लोगों को इलाज के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। खनिज विभाग और प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई है।


