छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महिला जनप्रतिनिधि के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी का मामला सामने आया है।महिला जनप्रतिनिधि ने भाजपा नेता पर अश्लील गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महिला जनप्रतिनिधि की शिकायत पर करतला थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। यह घटना करतला ब्लॉक के कुदमुरा पंचायत का है। गीता यादव कुदमुरा पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 की पंच है। पंच गीता यादव ने भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा के खिलाफ करतला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, 6 जून को जब गीता यादव घरेलू काम के लिए मांड नदी से रेत लेने गई थीं। वहां मौजूद नटवरलाल शर्मा ने उन्हें रेत देने से मना कर दिया। शर्मा ने कहा कि यह मेरा खदान है, मैं जिसे चाहूं उसे रेत दूंगा।जब महिला पंच ने इसका विरोध किया, तो गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। महिला की शिकायत पर थाने में रिपोर्ट दर्ज महिला पंच ने 8 जून को परिवार से चर्चा के बाद करतला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, घटना के समय संजू लहरे, द्वारका राठिया, एक नगर सैनिक और अन्य ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा। करतला पुलिस ने महिला पंच की शिकायत पर भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा के खिलाफ धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।


