भास्कर न्यूज| चाईबासा सारंडा क्षेत्र के घने जंगल के बीच बसे गांव शुकरीपाड़ा की हाइड्रोसेफेलस (सिर का असामान्य बढ़ना) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लगभग एक वर्षीय बालिका और लगभग वैसी ही एक अन्य पीड़ित बालिका को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए डीएलएसए चाईबासा के प्रयास से रिम्स रांची भेजा गया। मामले की जानकारी मिलते ही बालिका के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर ने प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी को तत्काल यथोचित कार्यवाही का निर्देश दिया, डालसा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में अधिकार मित्रों उमर सिद्दीक, प्रमिला पात्रों, रेणु देवी और सूरज ठाकुर ने सीएस डॉ. सुशांत मांझी और डीएस डॉ. शिवचरण हांसदा से मुलाकात कर बालिका के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया और प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया गया है। सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में रांची डीएलएसए के अधिकार मित्रों के द्वारा रिम्स रांची में भी पीड़ित परिवार और बालिका की सहायता की जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा के इस प्रयास से बालिका को नव जीवन आस जगी है। न्याय सबके लिए एक उम्मीद बन कर आया है।


