भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी और हवाला रैकेट चलाने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को बैकवर्ड लिंक के जरिए गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। सूत्रों की माने तो आरोपी को पहले 1 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया और उसके फोन के माध्यम से बैकवर्ड लिंक गोइंदवाल की जेल तक पहुंचा। जहां पुलिस ने अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार किया और फोन से अलग-अलग कोरियर को भेजी गई लोकेशन को ट्रेस कर पुलिस ने 4 अन्य आरोपियों को हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। अर्शदीप सिंह और मलकीत सिंह कीतू ने गिरफ्तारी से पहले पिछले 6 महीनों के दौरान नशीले पदार्थों की कितनी खेप सप्लाई की है, इसके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अर्शदीप सिंह ने मलकीत सिंह कीतू के हवेलियां गांव स्थित घर में ड्रोन उतारने और नशीले पदार्थ की खेप को आगे पहुंचाने के लिए प्रति किलो 1 लाख रुपए देने का वादा कर रखा था। इतना ही नहीं, बाकी कोरियरों को भी प्रति किलो एक लाख, आधा किलो नशीले पदार्थ का 50 हजार और इसी तरह प्रति ग्राम हेरोइन की सप्लाई का रेट तय कर रखा था। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से अर्शदीप सिंह, मलकीत सिंह कीतू और हवाला कारोबारी जसप्रीत सिंह के अलावा अन्य तीनों तस्कर एक-दूसरे को नहीं जानते हैं। पुलिस अधिकारी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अर्शदीप सिंह और मलकीत सिंह कीतू के फोन से कई और ऐसे कोरियर के नंबर मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है


