पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को आज राज्य सरकार द्वारा सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सुशासन दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. वाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन किया व उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि वाजपेयी ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होने देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया। वह दृढ़ निश्चियी थे। उन्होंने आधारभूत अवसंरचना विकास सहित अनेक कार्यों को मूर्त रूप दिया। उन्होंने दूरदर्शी सोच से ऐसी जनकल्याण की योजनाएं चलाई गई जो देश के नागरिकों को आज तक लाभान्वित कर रही हैं। उन्होंने राजस्थान के पोखरण में परमाणु बम के सफल परीक्षण के गर्व के पल का जिक्र किया। जिला कलक्टर बोले-स्व. वाजपेयी की कार्यप्रणाली को जीवन में अपनाएं इस अवसर पर जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि हम पिछले एक सप्ताह से सुशासन सप्ताह मना रहे हैं जिससे भारत सरकार और राज्य सरकार की सरकारी सेवाएं ने आम जन के लिए सुगम व पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सके, इसके लिए शिविर भी लगाए। इन शिविरों के पीछे जो प्रेरणा थी वो स्व. वाजपेयी के कार्यकाल से प्रेरित है। जिला कलक्टर ने कहा कि स्व वाजपेयी ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे जिन्हें पूरा देश चाहे वो किसी भी राजनैतिक विचारधारा, सभी समाज के लोग हो या किसी विचारधारा के लोग हो सब उनका सम्मान करते थे। उनमें बड़प्पन था, उनमें लोगों को साथ लेकर चलने का गुण था। उन्होंने सुशासन को बढ़ावा देने, आर्थिक विकास, सामाजिक विकास और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाएं। हमें उनकी कार्यप्रणाली अपनानी चाहिए, उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि लोकसेवक जन कल्याण हेतु सुशासन पर अमल करें। जिला कलक्टर ने इस मौके पर सभी को सुशासन की शपथ दिलाई। अटल विचार संगोष्ठी एवं अटल कविता का पठन किया आयोजन के दौरान स्व वाजपेयी के संस्मरण में उनकी कई कविताओं का पाठन किया गया।इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने बहुत सुंदर और अर्थपूर्ण काव्यात्मक विवरण प्रस्तुत किया। जिसमें उनके महान व्यक्तित्व और उनके द्वारा किए गए कार्यों का सुंदर चित्रण किया गया है। हार नहीं मानूँगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूँ, गीत नए गाता हूँ, मै रहू या न रहू मेरा देश रहना चाहिए… जैसे शब्दों से प्रांगण, गुंजायमान हो उठा। सुशासन रैली का आयोजन इससे पूर्व सुशासन दिवस पर जिला कलेक्ट्रेट परिसर से रैली का आयोजन किया गया। रैली को एडीएम प्रशासन ओपी मेहरा, एडीएम प्रतिभा देवठिया, सीईओ जिला परिषद चंद्रभान सिंह भाटी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में अधिकारीगण, विद्यालयी छात्र आदि ने भाग लिया। यह रैली जिला कलेक्ट्रेट से प्रारम्भ होकर रेलवे स्टेशन, गोल प्याउ चौराहा, सूचना केन्द्र होते हुए पुनः जिला कलेक्ट्रेट पर समाप्त हुई। इसके माध्यम से सुशासन दिवस के अवसर पर नागरिकों में सुशासन के प्रति जागरूकता एवं समर्पण की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, एडीएम प्रशासन ओपी मेहरा, एडीएम प्रतिभा देवठिया, सीईओ जिला परिषद चंद्रभान सिंह भाटी, उपखंड अधिकारी दिव्यराज सिंह, आईएएस भरत मीणा, नगर निगम उपमहापौर रामलाल योगी, राजकुमार आंचलिया सहित राजकीय अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


