अशोकनगर के कोलुआ गांव के खरीदी केंद्र से बुधवार को छुट्टी के दिन का स्लॉट नंबर मिलने के चलते गुस्साएं किसानों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। खरीदी केंद्र में सोयाबीन की सरकारी खरीद चल रही थी। इस दौरान समर्थन मूल्य पर सोयाबीन तुलाई के लिए कुछ किसान एक दिन पहले से इंतजार कर रहे थे। लेकिन, बुधवार सुबह जब किसान खरीदी केंद्र पहुंचे, तो उन्हें क्रिसमस की छुट्टी होने के कारण तुलाई से मना कर दिया गया। इसके बाद किसान कोलूआ गांव के पास ट्रैक्टर ट्राली रखकर सड़क पर बैठ गए। इस दौरान लगभग एक घंटे तक चक्का जाम लगा रहा। इसके बाद देहात थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह की समझाइश के बाद किसानों ने अपने ट्रैक्टर हटाए। थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन इस दौरान थाना प्रभारी ने मौके से संबंधित सर्वेयर को फोन कर किसानों को तुलाई करवाने का आश्वासन दिलाया। इसके कुछ देर बाद तुलाई भी शुरू की गई। इसके बाद सड़क के दोनों तरफ से वाहनों की कतारों को पुलिस ने क्लियर करवाया। इस दौरान कृषि उपज मंडी के सचिव भागीरथ अहिरवार भी मौके पर पहुंच गए थे। काफी समय बाद छुट्टी के बारे में बताया इस दौरान किसानों ने बताया कि उन्हें काफी समय बाद आज की छुट्टी होने का बताया गया। जबकि, वह एक दिन पहले से केंद्र के बाहर रहकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे। किसानों ने कहा कि स्लॉट बुक उन्हें कोई छुट्टी नहीं बताई गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन लगाए, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके कारण से परेशान होकर उन्हें चक्का जाम करना पड़ा। किसानों का आरोप – चक्काजाम के बाद भी नहीं पहुंचे अधिकारी किसानों ने आरोप लगाया कि चक्काजाम करने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। केवल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुलाई के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अगला स्लॉट लेने में काफी परेशानी होने के साथ बहुत समय लग जाता है। इसके चलते छुट्टी का स्लॉट देना ही नहीं चाहिए था, और अगर दिया है तो तुलवाई करवानी चाहिए थी।


