7 सालों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश:जामताड़ा पुलिस ने 5 अपराधियों को पकड़ा, बिजली विभाग के अधिकारी बन करते थे धोखाधड़ी

जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार अपराधी पिछले 7 सालों से सक्रिय थे और पुलिस को चुनौती देते थे कि वे कोई सबूत नहीं छोड़ते। जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में पर्वत बिहार के पूरब जंगल-पहाड़ के पास छापेमारी की गई। गिरफ्तार अपराधियों में गनुघर गौराई, सागर दास, नुनू गोरोंई, बबलू दास और अजय गोरोंई शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और 2 बाइक बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि यह गिरोह बिजली बिल जमा नहीं करने और बिजली लाइन काटने का मैसेज भेजकर लोगों को ठगता था। अपराधी खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताते थे। वे पीड़ितों को एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे। इस फाइल से पीड़ितों की गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के जरिए ठगी करते थे। गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज किया गया है। इन अपराधियों का मुख्य कार्यक्षेत्र पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा था। एसपी ने कहा कि इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में डर का माहौल पैदा होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *