बलरामपुर में जमीन विवाद को लेकर दिव्यांग भतीजी की हत्या:युवक पर किया जानलेवा हमला, जंगल में छिपे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

बलरामपुर जिले के बिरहोरपाट में आदतन बदमाश युवक ने भाईयों के साथ चल रहे जमीन विवाद में बदला लेने की नीयत से दिव्यांग भतीजी की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रहे युवक पर भी जानलेवा हमला कर आरोपी भाग निकला। बलरामपुर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर जंगल में छिपे आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बिरहोरपाठ निवासी देवप्रसाद नगेसिया का जमीन को लेकर विवाद चचेरे भाई रोपना उर्फ विशुनदेव नगेसिया (35 वर्ष) के साथ चल रहा था। विशुनदेव नगेसिया आदतन बदमाश है। 12 जून को देवप्रसाद की दिव्यांग बेटी पार्वती घर में अकेली थी। उसे अकेले देखकर विशुनदेव नगेसिया ने पत्थर तोड़ने वाले हथौड़े से पार्वती के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पकड़ने वाले युवक पर भी जानलेवा हमला
हत्या कर भाग रहे विशुनदेव नगेसिया को गांव के ही राजकुमार नगेसिया ने पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने राजकुमार पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना के बाद विशुनदेव नगेसिया भाग निकला। घटना की रिपोर्ट सामरी थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने पार्वती के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फरार आरोपी की पतासाजी पुलिस कर रही थी। जंगल से पकड़ा गया आरोपी
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह की टीम ने आरोपी की सघन खोजबीन में लगी थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जंगल में छिपा है। पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर आरोपी विशुनदेव नगेसिया को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1), 332 (क), 109 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। आदतन बदमाश होने के कारण क्षेत्र के लोग उससे डरते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *