अमरनाथ जैसी यात्राओं के लिए शरीर मजबूत बना रहे श्रद्धालु

अमरनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब जैसी कठिन धार्मिक यात्राओं के लिए श्रद्धालु इन दिनों सिर्फ आध्यात्मिक नहीं, बल्कि शारीरिक रूप से भी खुद को मजबूत बना रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी ये यात्राएं ऊंचाई, बर्फीले और फिसलन भरे रास्तों, कम तापमान और ऑक्सीजन की कमी जैसी चुनौतियों से भरी होंगी। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित पांच प्रमुख जिम संचालकों से बातचीत करने पर पता चला कि इन दिनों काफी लोग खासतौर पर तीर्थ यात्राओं के लिए ट्रेनिंग लेने आ रहे हैं। ट्रेडमिल पर इनक्लाइन सेट करके चढ़ाई की प्रैक्टिस करवाई जा रही है। कार्डियो एक्सरसाइज से स्टैमिना बढ़ाया जा रहा है और मसल्स को मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि घुटनों में दर्द या सांस फूलने जैसी दिक्कत न आएं। जिनका वजन अधिक है, वे वजन कम करने पर ध्यान दे रहे हैं। ब्रीदिंग एक्सरसाइज कर रहे ताकि कम ऑक्सीजन वाले क्षेत्र में दिक्कत न आए केस 1: ट्रेडमिल इनक्लाइन से बढ़ा रहे चढ़ाई का स्टैमिना: अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले 45 साल के एक बिजनेसमैन पिछले दो महीने से रोजाना जिम जा रहे हैं। वे बताते हैं कि काम के कारण समय की कमी रहती है, लेकिन तीर्थयात्रा की तैयारी के लिए उन्होंने समय निकालना शुरू कर दिया है। उनका फोकस खास तौर पर स्टैमिना बढ़ाने और बॉडी को मजबूत बनाने पर है। वह ट्रेडमिल इनक्लाइन से चढ़ाई का स्टैमिना बढ़ा रहे हैं। केस 2 : वजन घटाकर तैयारी में जुटी हाउसवाइफ : 35 साल की एक हाउसवाइफ जो हेमकुंड साहिब यात्रा पर जाना चाहती हैं, उन्होंने अपना बढ़ा हुआ वजन कम करने के लिए जिम जॉइन किया है। उनके मुताबिक, पहले वे जल्दी थक जाती थीं और सांस फूलती थी, लेकिन अब कार्डियो और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से धीरे-धीरे स्टैमिना बढ़ रहा है। उनका उद्देश्य है कि वह यात्रा के दौरान चढ़ाई को आसानी से पार कर सकें। केस 3: फिटनेस को लेकर सख्त रूटीन अपनाया : 29 साल की एक युवती जो केदारनाथ की यात्रा पर जा रही हैं, उन्होंने फिटनेस को लेकर एक सख्त रूटीन अपनाया है। वह रोजाना जिम जाकर कार्डियो और ट्रेडमिल वर्कआउट कर रही हैं। उनका कहना है कि ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी और लंबी दूरी की वजह से फिट रहना जरूरी है। साथ ही वे योग और ब्रीदिंग एक्सरसाइज भी कर रही हैं। केस 4 : अमरनाथ यात्रा के लिए ट्रेडमिल से बढ़ा रहे स्टैमिना : 38 साल के एक नौकरीपेशा व्यक्ति अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं। वह अपने डेस्क जॉब के चलते पहले खुद के लिए समय नहीं निकाल पाते थे, लेकिन अब उन्होंने जिम जाना शुरू किया है। वह खास तौर पर ट्रेडमिल पर इनक्लाइन सेट कर वॉकिंग कर रहे हैं, जिससे चढ़ाई की तैयारी हो रही है। वे कहते हैं कि अब उन्हें खुद में बदलाव महसूस हो रहा है और आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *