घुमार मंडी इलाके में दिनदहाड़े मोबाइल फोन लूटने और फिर उसी फोन के जरिए 78 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि थाना डिवीजन-8 की पुलिस ने इस गंभीर मामले में एफआईआर वारदात के 26 दिन बाद दर्ज की है। पीड़ित सुनील गुप्ता निवासी संधू कॉलोनी ने बताया कि वह 21 मई को अपने बेटे के साथ घुमार मंडी में खरीदारी करने गए थे। जब वह चौधरी क्रॉकरी शोरूम के बाहर खड़े थे, तभी एक युवक एक्टिवा स्कूटर पर आया और उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि अगले ही दिन यानी 22 मई को उनके फोन का इस्तेमाल करते हुए किसी ने ऑनलाइन पेमेंट के जरिए सोने की चेन खरीदी और बैंक खाते से नकदी निकाल ली। कुल मिलाकर सुनील को 78 हजार रुपये का नुकसान हुआ। सुनील गुप्ता का आरोप है कि वारदात वाले दिन ही उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी थी। इसके बाद जब खाते से पैसे निकलने लगे, तब भी पुलिस को समय पर सूचना दी गई। 26 दिन थाना डिवीजन-8 के चक्कर लगाने के बाद अब पुलिस ने केस दर्ज किया। इतनी देरी के बाद भी पुलिस अब तक आरोपी की पहचान नहीं कर पाई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


