प्रदेश में संगठनात्मक फेरबदल और मंत्रिमण्डल विस्तार की चर्चाओं के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर जयपुर आ रहे हैं। नड्डा गुरुवार रात जयपुर पहुंचेंगे। वे शुक्रवार को दोपहर 2 बजे बीजेपी कार्यालय में प्रमुख बीजेपी पदाधिकारियों व नेताओं के साथ संवाद करेंगे। प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार प्रदेश बीजेपी कार्यालय आ रहे हैं। इससे पहले नड्डा विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान जयपुर आए थे। वहीं नड्डा लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र 3 अप्रेल को झालावाड़ और 8 अप्रेल को हनुमानगढ़ में प्रचार के लिए आए थे। संगठनात्मक मुद्दों पर होगी चर्चा
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ अध्यक्ष बनने के बाद से ही पुरानी टीम के साथ काम कर रहे है। ऐसे में अब उनकी नई टीम का गठन होना है। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी का संगठन पर्व भी चल रहा है। जिसमें बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव होना है। प्रदेश में बूथ और मंडल के चुनावों की समय सीमा निकल गई है। लेकिन कई जगह पर अभी भी बूथ अध्यक्ष औऱ मंडल अध्यक्ष के चुनाव नहीं हो सके है। ऐसे में नड्डा इन तमाम मुद्दो को लेकर प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर सकते हैं। नड्डा की बैठक से पहले प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। वे नड्डा की बैठक में भी मौजूद रहेंगे। वहीं सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात के दौरान मंत्रिमण्डल विस्तार और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर भी चर्चा होने की संभावना हैं। स्वामित्व योजना में बाटेंगे पट्टे
केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना के तहत शुक्रवार को प्रदेश के 1.50 लाख से ज्यादा ग्रामीण परिवारों को जमीन के पट्टे दिए जाएंगे। प्रदेश के पुराने 33 जिला मुख्यालयों पर पट्टे बांटे जाएंगे,इसके लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम में लाभार्थियों को बुलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। जयपुर के कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नड्डा बीजेपी कार्यालय पहुंचेगे। यहां बीजेपी पदाधिकारियों से चर्चा के बाद नड्डा शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।


