भाजपा सरकार का प्रदेश में एक वर्ष पूरा होने के विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेष प्रभारी ललित यादव, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा और जिला अध्यक्ष शिवराज मीणा ने संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर नाकामी और आमजन से किए वादों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। इस दौरान हिंडौन विधायक अनीता जाटव, करौली के पूर्व विधायक लाखन सिंह मीणा, पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज सहित अन्य मौजूद रहे। ललित यादव ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा सरकार आई है, आमजन बिजली, पानी जैसी रोजमर्रा की सुविधाओं के लिए परेशान है। प्रदेश में जब कांग्रेस सरकार थी तो 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने बिजली पर अन्य कर लगा कर दरें बढ़ाने और अडाणी जैसे उद्योगपतियों की जेब भरने तथा आमजन की जेब काटने का काम किया है। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में अपराधों में वृद्धि हुई है। भाजपा सरकार ने कांग्रेस की निशुल्क चिकित्सा योजना का भी नाम बदल दिया, लेकिन आमजन को लाभ नहीं मिल रहा। मुख्यमंत्री के गृह जिले में ही अपराधियों के हौसले बढ़े हैं। जिसके चलते प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहाल है। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा द्वारा चुनाव से पूर्व किसान की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और अन्य वायदे किए थे, लेकिन सरकार बनते ही पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी नहीं हुई। आज भी राजस्थान की सीमा से लगने वाले अन्य राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमत कम है। किसानों को प्रति वर्ष सम्मान निधि को बढ़ाकर 12 हजार करने की बात कही थी, लेकिन भाजपा अपने वायदे से मुकर गई। इसी प्रकार एक साल में युवाओं के लिए रोजगार नहीं मिला है।


