देवघर में श्रावणी मेला की तैयारियां हुई तेज:दुम्मा स्थित बिहार-झारखंड बॉर्डर पर लग रहा टेंट, शहर में भी व्यवस्था बनाने में जुटा प्रशासन

देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में इस वर्ष श्रावणी मेला 11 जुलाई से शुरू होगा। श्रावण महीने के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालु बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर 100 किलोमीटर पैदल चलकर देवघर पहुंचते हैं। कांवरियों की इस आस्था यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दुम्मा बॉर्डर पर हो रही विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित दुम्मा बॉर्डर पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां विशाल टेंट लगाए जा रहे हैं, जहां विश्राम स्थल, शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल का अनुभव कर सकें। बॉर्डर से मंदिर तक हो रहा इंतजाम दुम्मा बॉर्डर से लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक कई स्थानों पर ऐसे ही टेंट लगाए जाएंगे। दुम्मा से खजुरिया तक की सड़क पर मखमली बालू बिछाई जाएगी, जिससे कांवरियों को नंगे पांव चलने में कठिनाई न हो। तेज गर्मी को देखते हुए जगह-जगह ‘इंद्र वर्षा’ यानी कृत्रिम फव्वारों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि कांवरियों को ठंडक मिल सके और वे आरामदायक ढंग से यात्रा पूरी कर सकें। मंत्री भी कर चुके हैं व्यवस्था की समीक्षा झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर अब तक देवघर में दो बार बैठक की है। प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। राज्य सरकार का निर्देश है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी आस्था की इस यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा प्रशासन प्रशासन की ओर से चिकित्सा, सुरक्षा, सफाई और यातायात नियंत्रण की भी मुकम्मल व्यवस्था की जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालु श्रद्धा और सुकून के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *