अमृतसर को मिलेगी स्मार्ट लॉजिस्टिक्स प्लानिंग, डीसी ने अफसरों से की बैठक

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में माल ढुलाई, ट्रैफिक और सप्लाई चेन सिस्टम को बेहतर बनाने के मकसद से डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने सोमवार को अधिकारियों के साथ लॉजिस्टिक्स प्लान को लेकर अहम बैठक की। उन्होंने कहा कि ऐसा समन्वित प्लान तैयार किया जाए, जिससे सामान की आवाजाही सुचारु हो, सड़क पर ट्रैफिक लोड कम हो और पर्यावरण पर पड़ने वाला दबाव भी घटे। डीसी साहनी ने बताया कि इस योजना के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग, ट्रैफिक पुलिस, होटल एसोसिएशन, रेलवे, इंडस्ट्री, लॉजिस्टिक्स एक्सपर्ट और पर्यावरण प्लानर्स से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स की दिक्कतें सिर्फ ट्रैफिक नहीं बढ़ातीं, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था और कारोबार की रफ्तार को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे में सरकार का फोकस एक ऐसा मॉडल खड़ा करना है जो स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल हो। बैठक में उन्होंने ज़ोर दिया कि शहर में स्मार्ट डिलीवरी शेड्यूल, ऑफ-पीक डिलीवरी टाइम स्लॉट, विंडो आधारित डिलीवरी सिस्टम लागू किया जाए, ताकि बाजारों में जाम से राहत मिले। इसके साथ ही ईको-फ्रेंडली ट्रांसपोर्ट, डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम, डेटा एनालिटिक्स और रूट ऑप्टिमाइजेशन जैसे तकनीकी टूल्स को प्राथमिकता दी जाएगी। डीसी साक्षी साहनी ने कहा शहर की बढ़ती आबादी और कारोबारी विस्तार को देखते हुए अब लॉजिस्टिक्स प्लानिंग को वैज्ञानिक और स्मार्ट तरीके से लागू करना समय की मांग है। ये प्लान भविष्य की बुनियाद बनेगा जो शहर को अधिक सुचारु, साफ-सुथरा और कुशल बनाएगा। इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर सुरिंदर सिंह, जनरल मैनेजर इंडस्ट्रीज मानवजीत सिंह, जिला फूड सप्लाई कंट्रोलर अमनजीत सिंह समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *