पलामू जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को नावाबाजार के अंचल अधिकारी (सीओ) शैलेश कुमार को घूस लेते गिरफ्तार किया है। सीओ को उनके कार्यालय से ही पकड़ा गया। इटको पंचायत के पूर्व मुखिया अजय गुप्ता उर्फ दीपक गुप्ता ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अंचल अधिकारी जमीन के म्यूटेशन के लिए 30 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। पूर्व मुखिया ने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदी थी और उनके एक मित्र ने भी साथ में जमीन ली थी। म्यूटेशन का आवेदन रिजेक्ट करने की दी थी धमकी अंचल अधिकारी ने धमकी दी थी कि पैसे नहीं देने पर 90 दिनों के बाद म्यूटेशन का आवेदन रिजेक्ट कर दिया जाएगा। शिकायत के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। जैसे ही कार्यालय में रिश्वत की राशि दी गई, एसीबी ने अधिकारी को पकड़ लिया। एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है। उन्हें पूछताछ के बाद मेदिनीनगर स्थित एसीबी के प्रमंडलीय कार्यालय ले जाया जाएगा। इस कार्रवाई से जिले के सभी सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।


