महिला वर्ग में कमललता व पुरुष टीम इंडिया में पारसी का चयन

भास्कर न्यूज| चाईबासा 23 से 30 अगस्त 2025 तक नार्वे के ओस्लो शहर में आयोजित होने वाले होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिए महिला वर्ग की टीम इंडिया में तांतनगर गांव के किसान किशन चंद्र भूषण की 26 वर्षीय पुत्री कमललता बिरुली और पुरुष वर्ग की भारतीय टीम में जगन्नाथपुर के डेबरासाई गांव निवासी गरीब किसान दिनेश हेंब्रम के पुत्र 20 वर्षीय पारसी हेंब्रम का चयन हुआ है। यह जानकारी देते हुए एकजुट संस्था के यूथ लीडरशिप को-ऑर्डिनेटर प. सिंहभूम चंबरा सुंडी ने बताया कि दोनों प्लेयर्स भारतीय टीम में अपना जौहर दिखाएंगे। क्रीड़ा विकास संस्था नागपुर ने 20 फरवरी से 24 फरवरी 2025 तक नागपुर में नेशनल इंक्लूजन कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन नेशनल लेवल पर की थी, जिसमें भारत के सभी राज्यों की टीमें भाग ली थीं। झारखंड फुटबॉल गर्ल्स टीम की ओर से डिफेंस में मुख्य भूमिका निभाने वाली कमललता बिरुली और झारखंड ब्वॉयज टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले स्ट्राइकर पारसी हेंब्रम ने शानदार प्रदर्शन किया था। जिससे भारतीय टीम में चयनित होने में कामयाब रहे। यह खेल संस्था भारतीय टीम में चयन कर होमलेस वर्ल्ड कप फुटबॉल-2025 के लिए भेजती है। झारखंड के पुरुष और महिला वर्ग की टीम क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय की थी। क्वार्टर फाइनल तक झारखंड टीम को पहुंचने में कमललता बिरूली, और पारसी हेंब्रम ने अहम भूमिका निभाई थी। दोनों प्लेयर्स 23 से 30 अगस्त तक नार्वे में होमलेस फुटबॉल टीम इंडिया की तरफ से वर्ल्ड कप में देश का प्रतिनिधित्व कर सम्मान अर्जित करेंगे। दोनों खिलाड़ी अभी जुलाई माह से नागपुर कैंप में रह कर प्रैक्टिस करेंगे। होमलेस वर्ल्ड कप में चयनित होने पर पूरे कोल्हान समेत जिला के आदिवासी हो समुदाय और युवा खेल प्रेमी काफी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। वहीं मंझगाव विधायक निरल पूर्ति, जागन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू और मंत्री झारखंड सरकार, दीपक बिरूवा ने आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *