गुरदासपुर पुलिस ने अमृतसर के एक ए ग्रेड के गैंगस्टर को 3 गुर्गों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 2 पिस्टल और 7 कारतूस बरामद हुए हैं। चारों आरोपी कार में सवार होकर अमृतसर से गुरदासपुर आ रहे थे, जिन्हें गुरदासपुर के बब्बरी हाईटेक नाके पर काबू किया गया। आरोपियों में गुरजश्नप्रीत सिंह उर्फ चीनी निवासी कोटली साका अमृतसर, राजबीर सिंह निवासी कोटली साका अमृतसर, गुरवंत सिंह निवासी बोपाराय खुर्द लोपोके अमृतसर और गुरसेवक सिंह निवासी लाहोरीमल्ल घरिंडा जिला अमृतसर शामिल हैं। एसएसपी आदित्या ने बताया कि जांच में पता चला कि गुरजश्नप्रीत ए ग्रेड का गैंगस्टर है, जिस पर हत्या, इरादतन हत्या, लूट, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत 25 मामले दर्ज हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ की जाएगी कि ये लोग गुरदासपुर में किस मकसद से आए थे। गुरजश्नप्रीत जेल से पैरोल पर बाहर आया है।


