जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के परिणाम पर लगी रोक जारी, हाईकोर्ट में 26 जून को सुनवाई

झारखंड हाईकोर्ट ने जेएसएससी स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा-2023 के परिणाम पर लगी रोक को बरकरार रखा है। मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 26 जून की तिथि निर्धारित की है। उस दिन राज्य सरकार को परीक्षा में कथित पेपर लीक की जांच रिपोर्ट पेश करनी होगी। बुधवार को सुनवाई के दौरान सरकार ने रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की, जिसे चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने स्वीकार कर लिया। सरकार ने अब तक की जांच में पेपर लीक के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलने की बात कही। इस पर याचिकाकर्ताओं ने आपत्ति जताई और अपनी दलील पेश करने के लिए समय मांगा। कोर्ट ने इससे पहले सीजीएल परीक्षा के परिणाम प्रकाशन पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी थी। मामले की जांच सीआईडी और एसआईटी द्वारा जांच की जा रही है। अब तक सीआईडी ने इस प्रकरण में दो केस दर्ज किए हैं। गौरतलब है कि सीजीएल परीक्षा 28 जनवरी 2024 को आयोजित हुई थी, जिसे प्रश्नपत्र लीक के आरोप में रद्द कर दिया गया था। दोबारा हुई परीक्षा (21 और 22 सितंबर 2024) पर भी लीक के आरोप लगे हैं, जिसके खिलाफ यह जनहित याचिका दाखिल की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *