खुद को रिम्स की डॉक्टर बता नौकरी के नाम पर 1.06 करोड़ ठगने की आरोपी महिला गिरफ्तार

रिम्स में नौकरी दिलाने और फ्लैट निर्माण के नाम पर कई लोगों से 1 करोड़ 6 लाख रुपए की ठगी करने वाली उषा बाखला को बरियातू थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बरियातु थाना में दर्ज केस के अनुसार, उषा बाखला ने खुद को रिम्स में डॉक्टर बताया। ओला चालक संदीप कुमार से जान-पहचान के बाद वह उससे अक्सर कार बुक करने लगी। इसी दौरान उसने संदीप और उसके भाई को रिम्स में चालक और चतुर्थ वर्गीय पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले उसने 23 लाख रुपए चेक और नकद में लिए। उषा ने खरसीदाग ओपी क्षेत्र के कोचबोंग बेरेटोली निवासी बिमल उरांव से फ्लैट निर्माण के नाम पर 58 लाख रुपए लिए। धुर्वा निवासी सत्येंद्र कुमार दुबे से बिजनेस के नाम पर 3 लाख और नगड़ी निवासी बुलबुल मुंडा से नौकरी के नाम पर 22 लाख रुपए ठगे। रांची और आसपास के कई अन्य लोगों से भी उषा ने इसी तरह ठगी की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। उषा बाखला मूल रूप से दमदम सिठियो धुर्वा की रहने वाली है। वर्तमान में वह कालामाटी खूंटी में रह रही थी। उसके खिलाफ बरियातु, धुर्वा, नामकुम और नगड़ी थानों में कुल चार केस दर्ज हैं। बरियातु थाना में 23 लाख, धुर्वा में 3 लाख, नामकुम में 58 लाख और नगड़ी में 22 लाख की ठगी का मामला दर्ज है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *