भास्कर न्यूज | अमृतसर सेंट्रल हलका से विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बिजली विभाग के अफसरों संग मीटिंग की। विधायक ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली की अधिक समस्याएं आ रही हैं, नए बिजली के ट्रांसफार्मर लगाने के अलावा लोड भी बढ़ाए जाएं। उन्होंने बिजली विभाग के एसई सिटी सर्किल गुरशरण सिंह खैहरा को बताया कि 4 इलाकों कटरा मोहर सिंह, पापड़ा वाला बाजार, राजीव गांधी नगर और बाजार गलियारा के आसपास की सभी इलाकों में लोगों को बिजली की काफी दिक्कतें आ रही हैं। नए ट्रांसफार्मर लगवाएं। शिकायत आने पर शिकायतकर्ता को उचित जवाब दिया जाए। कब तक समस्याएं दूर होंगी उसकी सही जानकारी दें। कुछ क्षेत्रों में बिजली की तारों के जाल बने हुए हैं और कुछ क्षेत्रों में बिजली की तारे काफी नीचे हैं। इन तारों की पूरी तरह से साभ-संभाल की जाए। नया मीटर लगवाने और बिजली के मीटर का लोड बढ़ाने के लिए आ रहे उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। एसई सिटी सर्किल गुरशरण सिंह खैहराने अधिकारियों को आदेश दिए कि कटरा मोहर सिंह में 200 किलो वाट, पापड़ा वाला बाजार में 200 किलोवाट, राजीव गांधी नगर में 200 किलो वाट और बाजार गलियारा में 500 किलो वाट के नए ट्रांसफार्मर आने वाले दिनों में लगवा दिए जाएं। इस मौके पर एक्स-ईएन सिमर पाल सिंह, एसडीओ बलजीत सिंह, एसडीओ धर्मेंद्र सिंह, एसडीओ हरपिंदर सिंह व अन्य मौजूद रहे।


