नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर ध्यान रखने दिया निर्देश

भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर पालिका कार्यालय के सामने 1 करोड़ की लागत से सर्वसुविधायुक्त फूड पार्क का निर्माण किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बुधवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने स्लैब ढलाई सहित चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी न हो। नपाध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा कि यह फूड पार्क आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। इसे जल्द ही शहरवासियों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने सब इंजीनियर से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की गति और पारदर्शिता को लेकर चर्चा की। कहा कि सभी कार्य तय समय में पूरे हों, ताकि लोग जल्द इसका लाभ ले सकें। यह फूड पार्क मनोरंजन, विश्राम और सामाजिक मेल-जोल का आधुनिक केंद्र बनेगा। चंद्रवंशी ने कहा कि यह पार्क न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि आमजन के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा। पार्क में बच्चों के खेलने की सुविधा रहेगी पार्क में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्थानीय स्ट्रीट फूड के लिए स्टॉल्स लगाए जाएंगे। यह पार्क शहर की नई पहचान बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *