भास्कर न्यूज | कवर्धा आबकारी विभाग ने अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बोड़ला आबकारी वृत्त के अंतर्गत दो गांवों में छापेमारी कर दो आरोपियों को पकड़ा गया। दोनों मामलों में 14 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। बाजार मूल्य 1400 रुपए आंका गया। पहली कार्रवाई ग्राम बरहट्टी में की गई। गश्त के दौरान सूचना मिली कि आरोपी किशुन राम अपने घर से अवैध शराब बेच रहा है। आबकारी टीम ने उसके मकान में दबिश दी। तलाशी में प्लास्टिक जरीकेन में रखी 7 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी किसुन राम (58) को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1)क, 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। दूसरी कार्रवाई ग्राम राजानवागांव में हुई। यहां भी गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चोवाराम पटेल अपने घर में अवैध शराब रखे है। टीम ने दबिश दी। तलाशी में 7 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। आरोपी चोवाराम पटेल (61) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।


