भास्कर न्यूज | डौडी बुधवार को ग्राम पंचायत धुरवाटोला के आश्रित ग्राम करियाटोला में ग्रामीणों ने शिक्षक की मांग को लेकर शासकीय प्राथमिक शाला शिकारीटोला और पूर्व माध्यमिक शाला में तालाबंदी कर दी। ग्रामीण शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ बच्चों को लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने साफ कहा कि जब तक शिक्षक की नियुक्ति नहीं होगी, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक शाला में 20 बच्चे पढ़ते हैं। यहां के प्रधानपाठक ने 28 सितंबर 2022 को ज्वाइन किया था। तीन दिन बाद ही उनका संलग्नीकरण अमलीडीह छात्रावास अधीक्षक के पद पर कर दिया गया। उनकी जगह एक अन्य शिक्षक को शिकारीटोला प्राथमिक शाला में भेजा गया था। बाद में उस शिक्षक का स्थानांतरण युक्तियुक्तकरण के तहत मूल संस्था से हो गया। इससे उनका संलग्नीकरण निरस्त हो गया और स्कूल एक शिक्षक पर निर्भर हो गया। एकमात्र शिक्षक को कार्यालयीन कार्य और संकुल में जानकारी भेजने का काम भी करना पड़ता है। ऐसे में पहली से पांचवीं तक के बच्चों को पढ़ाना मुश्किल हो गया है। इससे बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। इसी कारण ग्रामीणों में नाराजगी है। शाला में चार शिक्षक स्वीकृत हैं। विज्ञान विषय के एकमात्र शिक्षक उमेंद्र कुमार कौशिक का स्थानांतरण युक्तियुक्तकरण के तहत मानपुर मोहल्ला हो गया है। इससे विज्ञान शिक्षक का पद खाली हो गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उनका स्थानांतरण निरस्त किया जाए। इसी मांग को लेकर तालाबंदी कर धरना दिया गया। धरना स्थल पर सरपंच मंजू कोसमा, ग्राम पटेल उदेराम, टीकम सिंह गांवरे, जंगलूराम आर्य, हरिशचंद भंडारी, भूषण नायक, पिलुराम कोमरे, संतु नेताम, कुमारी बाई, बसंतीन बाई, उत्तराबाई, नागेश्वरी सहित कई ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे।


