जनजातीय परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाएं: कलेक्टर

भास्कर न्यूज | बालोद संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने समय सीमा बैठक ली। धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत 30 जून तक जिले में लगने वाले लाभ संतृप्त शिविरों की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिविरों में जनजातीय परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएं। कलेक्टर ने बताया कि केंद्र सरकार की योजना के तहत इन शिविरों में अंतिम पंक्ति के हितग्राहियों को व्यक्तिगत अधिकारों से परिपूर्ण किया जाएगा। उन्होंने सभी पांचों ब्लॉकों में शिविरों के सफल आयोजन और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों और हितग्राहियों की उपस्थिति निश्चित हो सके। कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, अधिवास प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाएंगे। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, जनधन खाता, बीमा, वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन, विश्वकर्मा योजना, मुद्रा ऋण, महिला व बाल कल्याण, टीकाकरण, नल और बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला योजना, कौशल प्रशिक्षण जैसी सेवाएं दी जाएंगी। शिविरों में सिकल सेल जांच और स्वास्थ्य शिविर भी लगेंगे। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास और संबंधित विभागों को शिविरों के सफल आयोजन के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने बताया कि क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर चयनित गांवों के जनजातीय परिवारों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। शिविरों के स्थान और तिथि भी तय कर दी गई है। स्थानांतरण को लेकर जिला स्तरीय समिति बनाई गई बैठक में कलेक्टर ने राज्य शासन की स्थानांतरण नीति के तहत तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के स्थानांतरण की विभागवार कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि स्थानांतरण की अंतिम तिथि 25 जून तय की गई है। इसके लिए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति बनाई गई है। सभी विभाग प्रमुखों को 20 जून तक समिति को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को तय समय में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। बालोद में ऑडिटोरियम और नालंदा परिसर निर्माण के लिए एसडीएम को स्थल चयन की कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा। लोक निर्माण विभाग से मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *