भारी बारिश का असर गुरुवार को शहर के बाजारों में भी दिखा। मुख्य बाजार पंडरा और अपर बाजार में ग्राहक नदारद रहे। बाकी बाजारों में भी यही हाल दिखा। अपर बाजार, रातू रोड, पंडरा आदि बाजारों में कई दुकानें बंद थीं। पंडरा और अपर बाजार के व्यवसायियों ने बताया कि बारिश के कारण सामान्य दिनों की तुलना में 10 प्रतिशत कारोबार ही हुआ। रांची चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय माहुरी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण रांची व आसपास के खरीदार पंडरा बाजार नहीं आए। आज पंडरा मुख्य बाजार समेत आलू-प्याज थोक मंडी में 5 प्रतिशत भी कारोबार नहीं हुआ। कई दुकानें भी बंद रहीं। शाम में सभी व्यवसायी अपनी दुकानें जल्दी बंद कर चले गए। रात आठ बजे तक चलने वाले बाजार शाम छह-साढ़े छह बजे ही बंद हो गया। हालांकि, बाहर से खाद्यान्न व आलू-प्याज की कुछ गाड़ियां आई थीं। पानी भरने की वजह से बंद पंडरा बाजार करीब 80 करोड़ रुपए का लेन-देन प्रभावित : गट्टानी झारखंड चैंबर के अध्यक्ष परेश गट्टानी के मुताबिक, गुरुवार को दिनभर हुई बारिश के कारण रांची में लगभग 80 करोड़ का लेन-देन प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने से कई दुकानों व लोगों के घरों में बारिश की पानी घुस गया। जिससे व्यवसायियों को नुकसान भी उठाना पड़ा। उन्होंने नगर निगम से रेड अलर्ट के मद्देनजर रिहायशी और बाजार क्षेत्र में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की।


