भास्कर न्यूज |जालंधर पंजाब स्टेट बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग ने सत्र 2025-26 के लिए डिप्लोमा कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड से संबंधित तकनीकी संस्थानों में दाखिला ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए होगा। इसमें इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर, मॉडर्न ऑफिस प्रैक्टिस, लेटरल एंट्री और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। पहले राउंड की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और च्वाइस फीलिंग की प्रकिया पूरी हो गई है। वहीं, इसका रिजल्ट 25 जून को जारी किया जएगा। उम्मीदवारों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 25 जून से 6 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद उम्मीदवारों के लिए दूसरे राउंड में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 से 14 जुलाई तक चलेगी। वहीं, चॉइस फिलिंग के लिए उम्मीदवारों की रजिस्ट्रेशन 9 से 15 जुलाई तक चलेगी और इसका रिजल्ट 18 जुलाई को आएगा। सीट मिलने के बाद उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा 18 से 24 जुलाई तक का समय दिया जाएगा। इसके बाद तीसरे राउंड की प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू होगी। यह प्रक्रिया एआईसीटीई, नई दिल्ली द्वारा घोषित अंतिम तिथि तक पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे दाखिले से जुड़ी जानकारी और अपडेट के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.punjabteched.com और www.punjabteched.net पर जाकर देख सकते है। वहीं, psbtehelpdesk@gmail. com पर ईमेल भी किया जा सकता है। लेट एंट्री के लिए 10वीं के साथ 2 साल का आईटीआई या 12वीं में तकनीकी विषयों के साथ पास होना जरूरी है। वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए भी यही योग्यता है, साथ ही किसी मान्यता प्राप्त संस्था में एक साल का कार्य अनुभव जरूरी है। यह संस्थान 75 किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए। ऑनलाइन काउंसलिंग 3 चरणों में होगी। पहले चरण में सभी आरक्षित श्रेणियों के लिए सीटें तय होंगी। दूसरे चरण में सभी श्रेणियों को मिलाकर ऑल इंडिया ओपन कोटा के तहत दाखिले होंगे। तीसरे चरण में मैनेजमेंट कोटा और खाली सीटों पर दाखिले होंगे। हर चरण में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, विकल्प भरना, सीट अलॉटमेंट, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा कराना जरूरी होगा। डिप्लोमा कोर्स की अवधि 3 साल, 4 साल और 2 साल की है। इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और आर्किटेक्चर कोर्स 3 साल के हैं। टूल एंड डाई कोर्स 4 साल का है। फार्मेसी कोर्स 2 साल का है। वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए कोर्स की अवधि लेटरल एंट्री के बराबर होगी। छात्रों को फीस रिफंड की सुविधा भी मिलेगी। कोर्स शुरू होने से पहले सीट छोड़ने पर एक हजार रुपए काटकर बाकी राशि लौटाई जाएगी। कोर्स शुरू होने के बाद सीट खाली होने पर वह सीट भारने पर फीस का अनुपातिक हिस्सा लौटाया जाएगा। आरक्षण पंजाब और चंडीगढ़ सरकार की नीति के अनुसार होगा। एससी, बीसी, बॉर्डर एरिया, बैकवर्ड एरिया, फ्रीडम फाइटर, डिफेंस, पैरामिलिट्री, 1984 दंगा पीड़ित, आतंकवाद पीड़ित, विकलांग, अनाथ, युद्ध विधवा, एनसीसी, एनएसएस, ग्रामीण क्षेत्र और सिख अल्पसंख्यक कोटा में दाखिले होंगे। इसमें दाखिला छात्रों को कई स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ मिलेगा। एससी छात्रों की अगर पारिवारिक आय 2.5 लाख से कम है तो पूरी फीस माफ होगी। ट्यूशन फीस वेवर योजना के तहत 5 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। इसमें 8 लाख से कम आय वाले छात्रों को ट्यूशन फीस माफ होगी। मुख्यमंत्री स्कॉलरशिप योजना के तहत मेरिट के आधार पर 70 फीसदी से 100 फीसदी तक फीस माफ होगी। छात्रों को प्रवेश के समय मूल प्रमाण पत्र, फोटो और दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां जमा करनी होंगी।


