भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के सामने अपनी रसोई रेस्टोरेंट में पावरकॉम का जेई अपने 2 दोस्तों के साथ शराब पीने गया। शराब पीने के बाद खाने पीने का बिल 420 बन गया। रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों ने जेई से पैसे मांगे तो उन्होंने कुछ लैस करने की बात कही। थोड़े से रुपए लैस करने के बाद एक पक्ष ने दूसरे के साथ गाली-गलौच किया। वहीं मारपीट हो गई और जेई व उनसे साथियों के कपड़े फट गए। आस-पास के लोगों ने सारा तमाशा देखा और बात पुलिस चौकी कबीर पार्क में पहुंची। जहां लोगों ने बीच में आकर पुलिस के सामने दोनों पक्षों का राजीनामा करवा दिया। राजीनामा होने के बाद अगले दिन पावरकॉम के कुछ अधिकारियों ने आकर रेस्टोरेंट का लोड चैक करके बिजली मीटर पैक करके नया मीटर लगा दिया। वहीं रेस्टोरेंट मालिक के मुताबिक पावरकॉम ने करीब 4 महीने पहले ही नया बिजली मीटर लगाया था और उनका लोड 11 किलोवाट है। पावरकॉम ने जब जांच की तो मौके पर 10 किलोवाट चलता पाया गया। वहीं रेस्टोरेंट मालिक का मानना है कि पावरकॉम अधिकारी इसी बात की खुनस निकालने को उनका बिजली का मीटर टेम्परिंग करवा सकते हैं। उन्होंने बार्डर जोन के चीफ इंजीनियर, इंफोर्समेंट एसई से मांग की है कि उनके बिजली मीटर की जांच उसके सामने की जाए।


