कोडरमा पुलिस ने 15 जून को हुई सोने की लूट का मामला सुलझा लिया है। बिहार के सारण निवासी दीपक गुप्ता कोलकाता से 800 ग्राम सोना लेकर अपने घर जा रहे थे। कोडरमा घाटी में उनकी गाड़ी खराब हो गई। इसी दौरान कुछ अपराधियों ने करीब 80 लाख रुपए कीमत का सोना लूट लिया था। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि मामले में लिप्त रजौली निवासी अमन कुमार, सोनू कुमार, नीतीश कुमार, मो. कासिम और टिंकू कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, इस कांड में उनके द्वारा इस घटना को अंजाम देने के लिए प्रयुक्त किए एक सफेद रंग की अर्टिगा कार, एक सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी कार को जब्त किया गया है। पुलिस ने झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की एसपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। कोडरमा रेलवे स्टेशन आया था नीतीश पुलिस ने झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र के कोडरमा घाटी के पास रतनपुर मोड से एक संदिग्ध वाहन को पकड़ा। इसमें आरोपी नीतीश पकड़ा गया। उसने कि 15 जून को वे अपने भतीजे विक्रम कुमार तथा भांजे सोनू कुमार उर्फ सौरभ कुमार को कोडरमा रेलवे स्टेशन लेने आया था। वापस अपने घर रजौली जाने के क्रम में कोडरमा घाटी में बच्चों को उल्टी होने लगी। इस वजह से उसने अपनी गाड़ी को घाटी में रोका। जहां उसने देखा कि वहां पर पहले से एक खराब गाड़ी खड़ी थी और उसमें सवार लोग गाड़ी ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। कार में सोने के बिस्किट होने की सूचना पर मन आया लालच इसी बीच नीतीश के भांजे का मोबाइल वहां पर गिर गया। खोजबीन के क्रम में उसे दीपक गुप्ता की खराब गाड़ी में सोने के बिस्किट होने की जानकारी मिली। यह देख उसके मन में लालच आ गया। उसने इसकी जानकारी अपने सहयोगी मो. कासीम उर्फ गोरे, सोनू कुमार और अमन कुमार को दी और सोना लूटने की साजिश रच डाली। सभी आरोपी वहां पहुंचे और दीपक गुप्ता के साथ मारपीट की व सोना को लूट कर वहां से फरार हो गए। इधर, पुलिस ने मो. कासीम उर्फ गोरे के पास से काले 673.7 ग्राम वजन के सोने की बिस्किट (करीब 70 लाख) को बरामद किया।


