लुधियाना में सिविल अस्पताल के बाहर आज जमकर हंगामा हुआ। पार्किंग के पास कुछ युवक तलवारें लहराते हुए दिखाई दिए, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। दो गुटों के बीच सड़क पर खूनी झड़प हो गई, जिसमें करीब 3 से 4 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों गुट आपसी झगड़े में पहले से भिड़े हुए थे और किसी अन्य थाने में भी आपस में लड़ चुके थे। आज ये लोग अपने घायलों का मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल में दाखिल होने से पहले ही सड़क पर उनकी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। मौके पर पुलिस पहुंचकर मामले को संभालने में जुटी है। SHO गुरजीत बोले- पति-पत्नी का था विवाद जानकारी देते हुए एसएचओ गुरजीत सिंह ने कहा कि जिन दो गुटों में झड़प हुई है ये इनका पारिवारिक मसला है। पति-पत्नी की लड़ाई पहले हुई थी। आज उन्हें थाना में बुलाया जहां ये लड़े। इसके बाद एक गुट की शिवानी नाम के महिला अपने परिजनों के साथ मैडिकल करवाने आई थी। इसी दौरान दूसरा गुट भी अस्पताल के बाहर आ गया। दोनों गुटों से हथियार बरामद कर लिए है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। जिन लोगों ने हथियार लहराएं है उनके खिलाफ बनता एक्शन लिया जाएगा। किसी भी तरह का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।


