पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड में सिमलजोड़ी फुटबॉल मैदान पर ट्राइबल रूलर इन यूथ ऑर्गेनाइजेशन की ओर से जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मौजूद रहे। उनका स्वागत आदिवासी परंपरा के अनुसार किया गया। जन चौपाल में रघुवर दास ने पेसा कानून का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पेसा कानून नहीं होने से आदिवासी गांव विकास से दूर हो रहे हैं। साथ ही वे अपने अधिकारों से भी वंचित हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार में उन्होंने पेसा कानून बनाने का आदेश दिया था। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां झारखंड में पांचवी अनुसूची लागू करने का निर्णय हुआ। झामुमो-कांग्रेस सरकार पेसा कानून के प्रति उदासीन: रघुवर दास पूर्व सीएम ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार पेसा कानून के प्रति उदासीन है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और सिंडिकेट काम कर रहे हैं। उन्होंने आदिवासी समुदाय से पेसा कानून के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सौंपे। मौके पर कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को भी प्रमुखता से उनके समक्ष रखा। रघुवर दास ने जन चौपाल से पहले लिट्टीपाड़ा चौक स्थित सिद्धू कान्हू तिलकामांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुग्रहित साहा, पूर्व विधायक दिनेश मरांडी, अल्पसंख्यक मोर्चे की मिस्फीका हसन, शर्मिला रजक, जिला मंत्री रुपेश भगत, संजीव साह, पवन भगत, हिसाबी राय, बबलू भगत साहेब हांसदा समेत कई नेता मौजूद रहे।


