भास्कर न्यूज|लुधियाना वार्ड नंबर 11, 12 व 13 में नशे के खिलाफ जंग के तहत लोगों को जागरूक किया गया। मेयर इंद्रजीत कौर व हलका विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल ने नशे के खिलाफ व उसे खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की। मेयर इंद्रजीत कौर व विधायक ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशा तस्करों पर प्रहार करते हुए नशे के खिलाफ जंग के तहत एक मुहिम शुरू की है। मुहिम के तहत जहां इन तस्करों को जेल में डाला जा रहा है, वहीं इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के घरों पर बुलडोजर भी चलाया जा रहा है ताकि प्रदेश की युवा पीढ़ी को मौत बांटने वालों को सबक सिखाया जा सके। हलका पूर्वी के वार्ड नंबर 11, 12 व 13 में लोगों को जागरूक करने व इस मुहिम में सरकार व पुलिस प्रशासन का साथ देने के लिए जागरूकता मुहिम चलाई गई। मेयर व विधायक ने कहा कि समाज में फैली किसी भी बुराई को तभी खत्म किया जा सकता है जब उसमें लोगों का सहयोग हो। उन्होंने कहा कि आइए हम सब मिलकर इस बुराई को खत्म करने का संकल्प लें और अपनी युवा पीढ़ी को इस गंदगी से बाहर निकालें। उन्होंने कहा कि अगर आपकी नजर में या आपको कोई सूचना मिले कि कोई आपके क्षेत्र के युवाओं को चंद रुपयों के लालच में नशा दे रहा है तो आप सब मिलकर इसकी सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें, उसके खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। इस अवसर पर पार्षद दीपा चौधरी, अनुज चौधरी, जगपाल सिंह लाली, सब्बी सेखों अमरीक सिंह, लक्की आनंद, संगत सिंह, दलविंदर सिंह, रोहित अरोड़ा के अलावा संतोख कुमार, सतपाल, सूरज बेदी, विजय ठाकुर आदि मौजूद थे।


