गढ़वा | अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपायुक्त गढ़वा से मुलाकात कर जिले में कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त दिनेश कुमार यादव को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उनसे शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल की मांग की। संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख चार मांगें रखी गईं। पहली मांग के तहत कहा गया कि वर्ष 2017 के बाद से किसी भी स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक को ग्रेड-4 में प्रोन्नति नहीं दी गई है, जबकि वरीयता सूची बन चुकी है और अनुमोदन की प्रक्रिया अब तक लंबित है। दूसरी मांग में शिक्षकों की सेवा संपुष्टि प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता जताई गई। ज्ञापन में बताया गया कि गढ़वा जिले में आधे से भी कम शिक्षकों की सेवा संपुष्टि हुई है, जबकि उनके प्रमाणपत्रों की जांच पूर्ण हो चुकी है। तीसरी मांग के तहत प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को शिक्षक समस्या समाधान कैंप का आयोजन सुनिश्चित करने की मांग की गई। कहा गया कि इन कैंपों के अभाव में शिक्षकों की समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी पड़ी हैं। अंतिम मांग सेवानिवृत्त शिक्षकों से जुड़ी थी, जिसमें पावना भुगतान में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए सेवानिवृत्ति के दिन ही पावना भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।उपायुक्त ने शिक्षकों की सभी मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद आश्वासन दिया कि वे संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से बात कर शीघ्र कार्रवाई करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में संघ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, महासचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य आलोक कुमार, कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी, संगठन महामंत्री चंद्र देव सिंह, मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार सिंह एवं जिला कार्यसमिति सदस्य पुरुषोत्तम कच्छप शामिल थे।


