व्हीकल स्क्रैप से ओवरलोड जहाजगढ़… सड़कें-दुकानें ही नहीं छतें भी भरी

अमृतसर | शहर का जहाजगढ़ इलाका इन दिनों व्हीकल स्क्रैप के ओवरलोड से जूझ रहा है। पंजाब की दूसरी सबसे बड़ी स्क्रैप मार्केट यही है, जहां बीएमडब्लू, थार, स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों से लेकर हैवी व्हीकल्स के इस्तेमालशुदा स्पेयर पार्ट्स सस्ते दामों पर मिलते हैं। लेकिन जैसे-जैसे कारोबार फैला है, वैसे-वैसे इलाका तंग होता गया है। दुकानें, सड़कें, गलियां और यहां तक कि दुकानों की छतें भी स्क्रैप से भर गई हैं। यह मार्केट करीब 2 किलोमीटर के दायरे में फैली है और इसमें 200 से ज्यादा कारोबारी काम कर रहे हैं। गाड़ियों के पार्ट्स की बिक्री यहां खुले में होती है। दुकानों के आगे सड़क तक स्क्रैप रख दिया गया है। हालांकि इलाके की कुछ सड़कें अभी भी चलने लायक हैं, लेकिन कई अंदरूनी सड़कों पर स्क्रैप और कब्जों के कारण हालत बिगड़ चुकी है। स्क्रैप से भरे प्लेटफॉर्म, सड़क किनारे टायरों और गाड़ियों के बॉडी पार्ट्स के ढेरों ने गलियों को इतना तंग कर दिया है कि दो वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो जाता है। -फोटो : सुनील कुमार जहाजगढ़ में दुकानों के आगे सड़क पर रखे स्क्रैप के कारण कई बार यहां जाम की स्थिति भी बन जाती है, खासकर जब माल भरने वाले ट्रक आकर खड़े होते हैं। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई। मार्केट से सस्ते स्पेयर पार्ट्स मिलने की वजह से लोग दूर-दूर से खरीदारी के लिए आते हैं। दुकानदारों का कहना है कि यहां हर किस्म के व्हीकल पार्ट्स एक ही जगह उपलब्ध हैं, इसलिए ग्राहक भी बार-बार आते हैं। लेकिन जैसे-जैसे यह इलाका व्यावसायिक रूप से बढ़ा है, आवागमन, सफाई और ट्रैफिक से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *