पश्चिमी सिंहभूम में छात्रावास में छात्र ने लगाई फांसी:RTC स्कूल के छात्र की संदिग्ध स्थिति में मौत, छात्रों ने देखा लटकता शव

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर स्थित आरटीसी पब्लिक स्कूल के आदिवासी छात्रावास में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र सौरभ विषय ने छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिजन ने इसे हत्या करार देते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। स्कूल में रोजाना की तरह शनिवार को भी दोपहर 3:50 से शाम 5 बजे तक ट्यूशन की कक्षा हुई। ट्यूशन खत्म होने के बाद जहां अन्य छात्र खेलने चले गए, वहीं सौरभ अपने एक सहपाठी के कमरे में चला गया। बताया जा रहा है कि वहीं उसने गमछे से फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। छात्रों ने देखा लटकता शव, मची अफरा-तफरी जब खेलने के बाद छात्र लौटे और कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। एक छात्र ने दरवाजे की दरार से झांककर देखा तो सौरभ का पैर हवा में झूलता नजर आया। यह दृश्य देखकर छात्र घबरा गए और उन्होंने शोर मचाया। सूचना मिलते ही स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, मृतक के पिता राहुल विषय ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस जांच में जुटी, छात्रावास पर उठे सवाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। स्कूल प्रशासन और छात्रावास में रह रहे छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना से आदिवासी छात्रावास पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं स्कूल प्रशासन ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *