केंद्रीय जेल में बंद कैदी की शुक्रवार शाम को मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह (24) निवासी गांव लद्देवाली राममंडी जालंधर है। मृतक की मां मनजीत कौर ने बताया कि बेटा झगड़े के केस में अदालत में पेश नहीं हुआ और उसे पीओ करार देने के बाद सजा हो गई। सजा के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और केंद्रीय जेल भेज दिया। वह 16 माह से जेल में सजा काट रहा था। बुधवार को जेल प्रशासन की ओर से फोन किया गया कि गुरविंदर की हालत बिगड़ गई है और उसे जेल अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने गंभीर हालत बताकर उसे कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। वह सिविल अस्पताल मिलने आए तो बेटा कमजोरी महसूस कर रहा था। कह रहा था कि यदि उसका समय पर इलाज हो जाता तो वह ठीक हो जाता। शुक्रवार शाम बीमारी की हालत में उसे जेल प्रशासन वापस ले गया। शाम को फिर तबीयत बिगड़ी तो इलाज से पहले उसकी मौत हो गई। मां ने आरोप लगाया कि समय पर इलाज हो जाता तो बेटा आज जिंदा होता। इधर, थाना कोतवाली पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर वीडियोग्राफी कर डॉक्टर्स के पैनल से पोस्टमार्ट्म कराकर शव वारिसों के हवाले कर दिया है।


