पलामू में हुसैनाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पोलडीह में एक किराना दुकान पर छापेमारी की। दुकान से भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुकान में शराब जमा कर खुलेआम बेची जा रही है। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सशस्त्र बल के साथ की गई छापेमारी में दुकान के एक कमरे से शराब बरामद हुई। बड़ी मात्रा में शराब बरामद बरामद शराब में 30 पेटी टनाका देशी शराब, 4 पेटी गॉड फादर केन बीयर और 7 पेटी किंगफिशर बीयर शामिल है। इसके अलावा आरएस, ब्लेंडर प्राइड, सिग्नेचर, मैकडॉवेल, इम्पीरियल ब्लू और बी-7 ब्रांड की अलग-अलग साइज की बोतलें भी मिलीं। कुल मिलाकर 150 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई। दुकानदार गिरफ्तार किया गया पुलिस ने मौके से दुकान संचालक कुंदन कुमार सिंह उर्फ छोटन सिंह को गिरफ्तार किया है। वह ग्राम पोलडीह का रहने वाला है। उसके खिलाफ हुसैनाबाद थाने में केस नंबर 160/25 के तहत धारा 274/275 BNS और झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


