भास्कर न्यूज | मगनपुर गोला प्रखंड क्षेत्र के चोकाद पंचायत अंतर्गत अति सुदूरवर्ती ऊपर खखरा गांव निवासी मुनुवा मांझी व उसकी पत्नी शीतली देवी बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा मगनपुर से अबुआ आवास का पैसा निकासी कर सोमवार दोपहर को अपने घर जा रहे थे। इस दौरान पूर्व से ही घात लगाए बैठे बाइक सवार दो उचक्कों ने चक्रवाली गांव के समीप पैसे छिनकर पेटरवार की ओर भाग निकले। दोनों हेलमेट पहने हुए थे। इस संबंध में मुनुवा ने बताया कि मेरे नाम से अबुआ आवास की स्वीकृति दी गई है। जिसका दीवार फाइनल हो गया है। सिर्फ छत ढलाई करनी बाकी रह गई है। छत ढलाई के लिए पैसे िनकालने बैंक गए। जहां से 45 हजार रुपए राशि की निकासी के बाद उसे थैली में रख साइकिल पर सवार होकर बैंक से घर जाने के लिए निकले। इसी क्रम में बाइक सवार दो युवक पीछे से आये और पैसे रखे थैली को मेरी पत्नी की हाथ से छिनकर पेटरवार की ओर फरार हो गए। थैली में पैसे के अलावा आधार कार्ड, राशन कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे। छिनतई से दंपती काफी चिंतित हैं। समाचार भेजे जाने तक भुक्तभोगी द्वारा थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था।


