चंदवा |प्रदेश भाजपा के निर्देश पर मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन होगा। इसका नेतृत्व मंडल अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता करेंगे। प्रदर्शन में लातेहार विधायक प्रकाश राम मुख्य अतिथि होंगे। मंडल प्रभारी व जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे भी मौजूद रहेंगे। अमित गुप्ता ने बताया कि यह प्रदर्शन राज्य में फैले भ्रष्टाचार के विरोध में किया जा रहा है। सभी कार्यकर्ता सुबह 11 बजे पथ निर्माण विश्रामागार परिसर में एकत्र होंगे। लातेहार | अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य शाखा की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला खेल स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। बैडमिंटन इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन मुकाबले कराए गए। इस मौके पर डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र और लातेहार वॉलीबॉल क्लब के बीच एक प्रदर्शनी मैच खेला गया। इसमें डे बोर्डिंग बालक प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने जीत दर्ज की। बारियातू | उपायुक्त के निर्देश पर नचना में सोमवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाया गया। शिविर में सीएचओ सेलिना एक्का ने ओपीडी में 125 महिला, पुरुष और बच्चों की जांच की। सेलिना ने बताई की शिविर में स्किल सेल टेस्ट 115 लोगों का हुआ। हीमोग्लोबिन की भी 115 जांच की गई। एनसीडी की 60 और मलेरिया की 50 जांचें की गईं। जांच के बाद सभी को मुफ्त दवा दी गई। शिविर को सफल बनाने में एएनएम उषा कुमारी, जीवनकृति लकड़ा, एमपीडब्ल्यू बलराम कुमार, सहिया रेखा देवी, देवंती देवी, निशा देवी और रेखा मसोमात ने अहम भूमिका निभाई। महुआडांड़| महुआडांड़ प्रखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। लुरगुमी कला गांव के किसान सगीर अंसारी के खेत में लगी मिर्चा की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। सगीर अंसारी और सेराज अंसारी ने बताया कि उन्होंने मिर्चा की खेती में घर की सारी पूंजी लगा दी थी। मेहनत भी बहुत की थी। उम्मीद थी कि अच्छी आमदनी होगी। लेकिन बारिश ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। फसल पूरी तरह खराब हो गई। इससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रखंड प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।


