नशे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई हो, अवैध शराब की तस्करी रोकें : मंच

भास्कर न्यूज | महुआडांड़ प्रखंड में नारी जागृति महिला मंच के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता रैली और सभा का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त करना और समाज में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना था। रैली में सैकड़ों महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। नारी जागृति महिला मंच की सदस्यों ने हाथों में नशा मुक्ति के संदेश वाले बैनर और तख्तियां लेकर महुआडांड़ के प्रमुख स्थानों पर रैली निकाली। रैली शहीद चौक से शुरू होकर शास्त्री चौक, रामपुर होते हुए अनुमंडल कार्यालय तक पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ नारे लगाए और समाज को नशा मुक्त बनाने का आह्वान किया। रैली के समापन पर, नारी जागृति महिला मंच ने अनुमंडल कार्यालय में नशा मुक्ति से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन की प्रतियां अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और महुआडांड़ थाना प्रभारी को भी दी गईं। ज्ञापन में नशे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई, अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने, और जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की मांग की गई। रैली के बाद शास्त्री चौक पर एक आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें नारी जागृति महिला मंच की सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने जनता को संबोधित किया। सभा में नशे के सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने अपने संबोधन में कहा, नशा समाज के लिए एक अभिशाप है। यह न केवल परिवारों को बर्बाद करता है, बल्कि चोरी, सड़क दुर्घटना, हत्या जैसी आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा देता है। हम सभी को मिलकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी और समाज को स्वस्थ बनाना होगा।” उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। नारी जागृति महिला मंच की अध्यक्ष ग्रेस तिग्गा ने कहा, शराब और नशीले पदार्थों की लत के कारण कई परिवार तबाह हो रहे हैं। बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं और घरेलू हिंसा बढ़ रही है। बाजार में खुलेआम गांजा, भांग, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थ बिक रहे हैं, जो विशेष रूप से युवाओं को नष्ट कर रहे हैं। प्रशासन को इनकी बिक्री पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर नशे के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *