जनता के पैसे का हो सही उपयोग योजनाएं समय पर पूरी हों : सभापति

भास्कर न्यूज | लातेहार झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति ने सोमवार को नेतरहाट के अरुणोदय गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक की। समिति के सभापति सह विधायक मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सरकार द्वारा विभागों को दी गई राशि के उपयोग और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समिति ने विभागवार योजनाओं की स्थिति जानी। अधिकारियों से आवंटित राशि के विरुद्ध कराए गए कार्यों और तय लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि की जानकारी ली। सभापति ने निर्देश दिया कि सभी योजनाएं तय समय में पूरी हो। गुणवत्ता से समझौता न हो। उन्होंने कहा कि वित्तीय मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता के पैसे का सही उपयोग हो, यही समिति का लक्ष्य है। मनोज यादव ने बताया कि समिति खुद मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण कर रही है। रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को सौंपी जाएगी। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में समिति के सदस्य आलोक कुमार चौरसिया, अमित कुमार यादव, जगत मांझी, सुखराम उरांव के अलावे उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, डीएफओ प्रवेश अग्रवाल, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई समेत सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *