मेदिनीनगर|समाज कल्याण विभाग की टीम सोमवार को पलामू पहुंची। टीम में पोषण-2.0 के अमित कुमार सिंह और परियोजना सहायक सुशील कुमार शामिल रहे। दोनों अधिकारियों ने सखी वन स्टॉप सेंटर और जिले में संचालित ओल्ड ऐज होम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जरूरी सुधारों के निर्देश दिए गए। समाहरणालय के नए सभागार में बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें चेहरा प्रमाणीकरण, होम विजिट,मापदंडों की दक्षता और आंगनबाड़ी केंद्रों की दैनिक निगरानी जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई। लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।जिले की बाल विकास परियोजनाओं में एफआरएस की प्रविष्टि संतोषजनक नहीं पाई गई। महिला पर्यवेक्षिकाओं ने राज्य टीम को एफआरएस में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। इसके समाधान के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ समन्वय कर पंचायतवार कैंप लगाने और केंद्रवार लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैंक के प्रबंधक अमित तिवारी ने इस पर सहमति दी। समर ऐप में बच्चों की प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया। सभी मानकों के अनुसार प्रविष्टि के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया। टीम 25 से 26 जून तक जिले में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का निरीक्षण और अनुश्रवण करेगी। नौडीहा बाजार| अंचल कार्यालय नौडीहा बाजार में सोमवार को हल्का 8, 9 और 11 के राजस्व कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इससे जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र बनवाने आए छात्र-छात्राओं को परेशानी हुई। ग्रामीण किसान जमीन से जुड़े काम के लिए पहुंचे थे। कर्मचारी नहीं मिलने पर बिना काम कराए लौट गए। लोग अंचल कार्यालय में इधर-उधर भटकते दिखे। हल्का 8, 9 और 11 के कर्मचारी नदारद रहे।


