झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के वर्ष 2025-28 के लिए 18 मई को हुए चुनाव को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे नंदू पटेल ने याचिका में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरी चुनावी प्रक्रिया को रद्द करने और दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। याचिका में दावा किया गया है कि कुल 107 वोट अवैध रूप से डाले गए। जिनमें लगातार पांच साल तक वार्षिक आम सभा में अनुपस्थित रहे, राज्य के बाहर रहने वाले और एक से अधिक बार वोट डालने वाले सदस्यों के नाम शामिल हैं। नंदू पटेल का कहना है कि कई ऐसे लोग भी वोटिंग में शामिल हुए, जिन्हें जेएससीए के बायलॉज के अनुसार सदस्यता का अधिकार ही नहीं था। उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि चुनाव रद्द कर नए सिरे से वैध वोटरों की सूची तैयार की जाए और पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव कराया जाए। बता दें कि चुनाव में अजय नाथ शाहदेव अध्यक्ष, संजय पांडेय उपाध्यक्ष, सौरव तिवारी सचिव, अमितावा घोष कोषाध्यक्ष, शाहबाज नदीम संयुक्त सचिव और अन्य सभी पदों पर भी अजय गुट के ही प्रत्याशी जीते थे।


