भास्कर न्यूज | जालंधर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए सड़क सुरक्षा अभियान के साथ कॉलेज के स्टूडेंट्स भी जुड़ेंगे। इसका मकसद छात्रों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मंत्रालय का मानना है कि छात्र बदलाव के वाहक बन सकते हैं। अगर उन्हें सही दिशा दी जाए, तो वे नियमों का पालन करेंगे। यूजीसी की ओर से इसके लिए सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों को पत्र जारी कर स्टूडेंट्स को इससे जोड़ने के लिए कहा गया है। जारी पत्र में कहा गया है कि अभियान को बढ़ावा देने के लिए एक आधिकारिक एंथम “परवाह करेंगे, सुरक्षित रहेंगे’ तैयार किया गया है। इसे प्रसून जोशी ने लिखा है और पद्मश्री शंकर महादेवन ने गाया है। यह गीत हिंदी समेत 9 क्षेत्रीय भाषाओं— तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, पंजाबी, उड़िया और बंगाली में रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा, 16 लघु फिल्में भी बनाई गई हैं। इनका निर्देशन अमिताभ बच्चन और प्रसून जोशी के मार्गदर्शन में हुआ है। इन फिल्मों में जल्दी मत मचाओ, आराम से आओ और सड़क सुरक्षा की पाठशाला जैसे संदेश दिए गए हैं। सभी उच्च शिक्षण संस्थान 16 लघु फिल्मों को प्रमुख आयोजनों में दिखाएं और सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर साझा करें। सभी संस्थानों से अनुरोध किया गया है कि वे छात्रों, अभिभावकों और संरक्षकों को एकसाथ जोड़कर इस अभियान को सफल बनाएं।


