बूंदी. कोतवाली थाने के नए थानाप्रभारी भंवर सिंह ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। एक दिन पहले ही एसपी राजेंद्रकुमार मीणा ने उनको कोतवाली थानाप्रभारी के पद पर लगाया था। थानाप्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि थाने में परिवादी के आते ही सुनवाई हो, इसके लिए सभी को निर्देश दे दिए हैं। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द सीएलजी सदस्यों की भी बैठक करेंगे। वहीं, आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर सहित अन्य अपराधों में लिप्त बदमाशों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी आम आदमी थाने में आने से डरे नहीं। एसपी के निर्देशानुसार थानों में नियमित जनसुनवाई सिस्टम लागू करेंगे। थाना प्रभारी सिंह ने पहले दिन कोतवाली थाने के स्टाफ की बैठक ली। इससे पहले राव भाऊ सिंहजी के दर्शन कर अमन-चैन की कामना की।


