भास्कर न्यूज | डौंडी सोमवार को किसान संघ डौंडी की बैठक शीतला मंदिर प्रांगण में हुई। खरीफ फसल की रखरखाव को लेकर चर्चा हुई। घुमंतू मवेशियों को नियंत्रित करने और खाद-बीज की उपलब्धता पर बात हुई। तय किया गया कि नगर पंचायत और तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपा जाएगा। 29 जून तक समाधान नहीं हुआ तो 30 जून को दोनों कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। संघ के पदाधिकारी गेंदलाल मानकर, सुखदेव यादव और जिरखु मालेकर ने बताया कि धान की बुवाई शुरू हो चुकी है। कई किसान थरहा डाल चुके हैं। जल्द ही खेतों में हरियाली दिखेगी। ऐसे में घुमंतू मवेशी खेतों की ओर जाएंगे। हर साल की तरह इस बार भी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई बार अफसरों से विवाद की स्थिति बनती है। समय रहते कदम उठाना जरूरी है। किसानों ने बताया कि नयापारा मार्ग पर बने गौठान में मवेशियों के लिए छाया, पानी और चारे की व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पंचायत को दी गई है। बैठक में खाद-बीज की मांग पर भी चर्चा हुई। किसानों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर सीएमओ को मांगपत्र सौंपा। चेतावनी दी कि 29 जून तक व्यवस्था नहीं हुई तो नगर पंचायत और तहसील कार्यालय के सामने धरना देंगे। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मोहंतीन चौरका, उपाध्यक्ष संजीव मानकर, मनीष झा, फागूराम आल्हा, नंदलाल रावटे, बलीराम धनकर, सुनील राठौर, खिलेंद्र भूआर्य, राधिका भारद्वाज, कदम कोठारी, गौतम देवहारी, भुवन ठाकुर, राजेंद्र मानकर व अन्य किसान मौजूद थे।


