भास्कर न्यूज|बालोद शिक्षा के अधिकार(आरटीई) के तहत दूसरे चरण में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू होगी। इच्छुक पालक अपने बच्चों को आरटीई के तहत निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले 20 से 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने समय निर्धारित था। जिसमें बदलाव कर लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से संशोधित शेड्यूल जारी कर कलेक्टर, डीईओ, शिक्षा संभाग के संयुक्त संचालक को पत्र भेजकर निर्धारित टाइमिंग अनुसार विभागीय प्रक्रिया पूरी कराने निर्देश दिए है। 30 जून तक नवीन स्कूल पंजीयन, डीईओ से सत्यापन के लिए समय तय हुआ है। जारी शेड्यूल अनुसार 1 से 12 जुलाई तक मिले आवेदनों व दस्तावेजों का सत्यापन नोडल अधिकारियों के माध्यम से 2 से 19 जुलाई तक किया जाएगा। सीटों का आवंटन व लॉटरी जारी करने के लिए 22 और 23 जुलाई का समय निर्धारित किया गया है। जिसके बाद पात्र बच्चे 25 से 31 जुलाई तक प्रवेश लेंगे। टाइमिंग संशोधित होने के बाद विभागीय प्रक्रिया देरी से पूरी होगी। 16 जून से नवीन शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद सरकारी व निजी स्कूलों में पढ़ाई करने बच्चे पहुंच रहे है। लेटलतीफी से दूसरे चरण में कितने बच्चे आवेदन कर निजी स्कूलों में एडमिशन ले पाएंगे। इस पर संशय की स्थिति है। लेटलतीफी की वजह से कई सीटें खाली रहती हैं हर साल विभाग व शासन स्तर से लेटलतीफी के चलते आरटीई के तहत निर्धारित सभी सीटों मंे पात्र बच्चे एडमिशन नहीं ले पाते। शिक्षा विभाग के अफसर व कर्मचारी भी स्वीकार कर रहें है कि लेटलतीफी की वजह से हर साल सीटें खाली रह जाती है। स्थानीय स्तर के अफसरों का कहना है कि शासन स्तर से तय टाइमिंग अनुसार ही विभागीय प्रक्रिया पूरी होती है। आरटीई के पहले चरण में लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी लॉटरी में 1001 बच्चों के लिए सीटों का आवंटन हुआ था। जिसमें 51 बच्चों ने निजी स्कूलांे में प्रवेश नहीं लिया। 163 निजी स्कूलों में 1326 सीटें, 376 सीटें अभी खाली जिले में कुल 163 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत 1326 सीटें है। पहले चरण में लॉटरी से 1001 बच्चों का चयन कर इतने ही सीटों का आवंटन किया गया था। विभाग के अनुसार निर्धारित तिथि 30 मई तक कुल 950 बच्चों ने पालकों के साथ निजी स्कूलों में पहुंचकर प्रवेश के लिए जरूरी दस्तावेज जमा किया। वहीं दूसरे चरण में 325 सीटों का आवंटन कर पात्र बच्चों को प्रवेश देने की प्लानिंग बनी थी। वर्तमान में आरटीई के तहत पहले चरण का 51 सीटें और दूसरे चरण का 325, कुल 376 सीटें खाली है। पहले चरण में पात्र 343 बच्चे वेटिंग लिस्ट में है।


