भास्कर न्यूज| चाईबासा चाईबासा शहर के वार्ड नंबर 19 में अवस्थित सरकारी व प्राइवेट बस स्टैंड से जर्जर पानी टंकी व सामुदायिक भवन को जमींदोज करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। सरकारी बस स्टैंड में 50 वर्षों से भी अधिक समय से बना जलमीनार पूरी तरह से जर्जर व जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। उक्त बस स्टैंड परिसर में सैकड़ों की संख्या में रोजाना यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। कभी भी अनहोनी या दुर्घटना घट सकती है। वहीं दूसरी ओर प्राइवेट बस स्टैंड में अवस्थित सामुदायिक भवन भी काफी जर्जर स्थिति में है। भवन भी दुर्घटना को आमंत्रित कर रहा है। जिसमें हाल के दिनों तक दाल-भात केंद्र संचालित था। जनहित से जुड़ा मुद्दा होने के कारण दैनिक भास्कर चाईबासा के अंक में लगातार इन विषयों को प्रमुखता से प्रकाशित कर जिम्मेदार लोगों को जगाने व मामला संज्ञान में देने का प्रयास किया जाता रहा है। अंततः नगर विकास एवं आवास विभाग के तत्वाधान में प्रशासक, नगर परिषद चाईबासा के द्वारा उक्त दोनों ही जर्जर सरकारी संपत्ति को ध्वस्त करने का निर्णय लेते हुए निविदा के माध्यम से हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संभवता अगस्त माह तक जर्जर पानी की टंकी व सामुदायिक भवन ध्वस्त करने का कार्य पूर्ण होने की संभावना है।


