फरीदकोट में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में चोरी, VIDEO:पिकअप में आए थे 5 चोर, शटर तोड़कर गाड़ी में भरा सामान

पंजाब के फरीदकोट शहर में आज यानी मंगलवार सुबह बोलेरो पिकअप गाड़ी में सवार करीब 5 व्यक्तियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को अपना निशाना बनाया। दुकान का शटर तोड़कर वहां से छत वाले पंखे, टेबल फैन, इंडक्शन, बैटरियों समेत अन्य सामान को लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद डीएसपी तरलोचन सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है जिसके आधार पर पुलिस द्वारा उनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। 2 घंटे के बाद दोबारा आए आरोपियों ने शटर को तोड़ा- दुकानदार
जानकारी अनुसार, फरीदकोट में प्राचीन ठाकुर द्वारा मंदिर के पास स्थित प्रशाव इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर सोमवार-मंगलवार की रात करीब एक बजे बोलेरो पिकअप पर आए आरोपियों ने दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास किया और विफल रहने पर वह चले गए। करीब 2 घंटे के बाद दोबारा आए आरोपियों ने शटर को तोड़ा और वहां से करीब 27 छत वाले पंखे, 8 टेबल फैन, इंडक्शन, 2 इनवेंटर बैटरियों समेत अन्य सामान को पिकअप में भरकर ले गए। दुकानदार दीपक जैन ने बताया कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि आरोपियों में दो दुकान में घुसकर सामान बाहर निकालने लगे जबकि दो सामान को गाड़ी में रख रहे थे, उनका एक साथी कुछ दूरी पर खड़ा होकर आने-जाने वालों पर नजर रख रहा था। उन्होंने बताया कि दुकान के अंदर से सीलिंग फैन, टेबल फैन, इंडक्शन चूल्हा, महंगा ट्रिमर व अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। उन्होंने बताया कि बाकी स्टॉक की जांच करने के बाद ही पता चल पाएगा कि और कितना सामान चोरी हुआ है। आरोपियों की गाड़ी की हुई पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी- डीएसपी
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप गाड़ी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आशंका है कि आरोपी बाहरी शहर के हैं, जिन्होंने पहले रेकी की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *