अमृतसर में 3 नशा तस्कर गिरफ्तार:हेरोइन और 4 मोबाइल बरामद, बाइक से जा रहे थे सप्लाई करने

अमृतसर पुलिस ने तीन तस्करों को एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने की है। आरोपियों की पहचान अर्जन सिंह उर्फ अरजन, दिलबाग सिंह उर्फ बागा और सुल्तानप्रीत सिंह उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है। तीनों तरनतारन जिले के गांव नौशहरा ढाला के रहने वाले हैं। डीएसपी राजासांसी इंद्रजीत सिंह ने आज बताया कि स्पेशल सेल की टीम ओठियां रोड अड्डा धर्मकोट पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध दिखे। पुलिस ने तीनों को तुरंत पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हेरोइन उन्हें धम्म सिंह नाम के व्यक्ति ने दी थी। धम्म सिंह भी नौशहरा ढाला का रहने वाला है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना भिंडीसैद में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी। इस दौरान नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों की भी जांच की जाएगी। ऐसी संपत्तियां मिलने पर उन्हें तुरंत फ्रीज कर दिया जाएगा। यह कार्रवाई पंजाब के मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स पर युद्ध’ अभियान के तहत की गई है। कार्रवाई एसएसपी मनिंदर सिंह और डीएसपी इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *