भास्कर न्यूज|लुधियाना श्री हनुमान मंदिर सम्मेलन कमेटी की ओर से ब्रह्मलीन पंडित भीमसेन वशिष्ठ जी के आशीर्वाद से 38वें मानव कल्याण सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन को लेकर एक विशाल शोभायात्रा श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर नौलखा बाग कॉलोनी से पंडित राजिंद्र वशिष्ट, पंडित दीपक वशिष्ठ की अध्यक्षता में बड़ी धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में ठाकुर जी का गुणगान श्री जी गऊ सेवा के कुलदीप शर्मा द्वारा किया गया। शोभायात्रा का स्वागत लोगों द्वारा पुष्प वर्षा व खाने पीने के स्टाल लगा कर किया। यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से आरंभ होकर विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई वापस मंदिर परिसर में संपन्न हुई। शोभायात्रा के समापन पर धार्मिक गायक प्रतीक कपूर ने हरिनाम संकीर्तन कर भक्तों को प्रभु नाम से जोड़ा। इस मौके सोनू जुनेजा ने बताया यह सम्मेलन 25 से 29 दिसंबर तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक भागवत प्रवचन व रात्रि 8 से 11 बजे तक विभिन्न गायकों द्वारा हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। शोभायात्रा में मुख्य यजमान रामदास धवन, कपिल जुनेजा मोनू, चंद्रमोहन, राजेश नोहरिया, अरमान कविता, उर्मिला, नरेश रानी आदि ने विशेष सहयोग दिया।


